Skip to content

Primary Menu
  • Home
  • मुख्यमंत्री ने जनपद शामली के कैराना में पलायन के बाद वापस लौटे परिवारों से भेंट कर उन्हें सांत्वना प्रदान की
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री ने जनपद शामली के कैराना में पलायन के बाद वापस लौटे परिवारों से भेंट कर उन्हें सांत्वना प्रदान की

Sarvoday Times 5 years ago (Last updated: 5 years ago) 1 minute read 0 comments
download (1)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद शामली में 426 करोड़ रुपये लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें पॉलीटेक्निक, आई0टी0आई0, पेयजल सहित अन्य परियोजनाएं सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वह जनपद में विकास का एक नया आयाम स्थापित करेंगी। यह विकास परियोजनाएं यहां की जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने यहां आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश की अस्मिता को बनाए रखेगी। किसी भी प्रकार की अराजकता की स्थिति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में वाह्य एवं आन्तरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाया गया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश विकास, शान्ति, समृद्धि एवं सौहार्द के मार्ग पर निरन्तर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी द्वारा देश में बिना भेदभाव के सभी के साथ गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक गरीब, किसान, महिला, नौजवान सहित समाज के सभी वर्गों को प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कैराना के पूर्व सांसद श्री हुकुम सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी विकास की सोच को आगे बढ़ाने के लिए यहां विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा यहां की जनता की मांग पर पुलिस चौकी के सुदृढ़ीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां 250 करोड़ रुपये की लागत से पी0ए0सी0 की बटालियन की आधारशिला रखी जा रही है, जिसमें 1,278 पी0ए0सी0 के जवान निवास करेंगे। पी0ए0सी0 यहां पर किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए एवं यहां के प्रत्येक नागरिकों के मन में सुरक्षा का विश्वास दिला सकेगी। प्रदेश सरकार अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। कैराना के व्यापारियों की सुरक्षा के प्रति प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। जनता की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कानून से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों की मारीच और सुबाहु की तरह दुर्गति होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद शामली के निवासियों को सुचारु बिजली आपूर्ति हेतु 800 करोड़ रुपये की लागत से एक विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना की जा रही है। जनपद शामली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य तेजी से हो रहा है। इसके निर्माण से यहां की जनता को इलाज के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। कोरोना कालखण्ड के दौरान यहां पर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। कैराना में शामली बाइपास का निर्माण किया गया है, जिससे जनता को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार नौजवानों को बिना भेदभाव के नौकरी व रोजगार प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश निरन्तर विकास के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, प्रत्येक गरीब को शौचालय, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही 86 लाख लघु एवं सीमान्त किसानों का 36,000 करोड़ रुपये का फसली ऋण माफ किया। प्रधानमंत्री जी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 12 करोड़ किसानों को लाभान्वित किया है। इसके तहत प्रत्येक किसान के खाते में 6,000 रुपये वार्षिक धनराशि अन्तरित की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद कैराना में व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि हुई है। पलायन के बाद वापस आए व्यापारियों ने यहां पर निवेश कर व्यापारिक गतिविधियांे को बढ़ाने का कार्य किया है। जिन व्यापारियों के घर में जनहानि एवं धनहानि हुई थी, उन्हें मुआवजा प्रदान करने के प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी पहचान को बनाए रखना होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान व लोग मेहनती हैं। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ यहां की जनता को मिल रहा है, यह उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। जनप्रतिनिधियों द्वारा शामली में एक औद्योगिक केन्द्र स्थापित करने की मांग की गई है। उसे प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न विकास योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र, प्रमाण-पत्र एवं चेक वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान गन्ना विकास मंत्री श्री सुरेश राणा, विधान परिषद सदस्य श्री स्वतंत्रदेव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद शामली के कैराना में पलायन के बाद वापस लौटे परिवारों से भेंट कर उन्हें सांत्वना प्रदान की। उन्होंने सरकार द्वारा दी जा रही सहायता एवं उनकी आर्थिक गतिविधियों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। भेंट के दौरान उन्होंने कहा कि गलत चीजों के खिलाफ सभी को खड़ा होना होगा। सभी लोग मिलकर के ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ लड़ेंगे, तो ऐसे तत्व बेनकाब होंगे। इन तत्वों के साथ सख्ती से कार्यवाही की जा सकेगी। प्रदेश सरकार अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ भोजन भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज किसी को भी डरने व घबराने की जरूरत नहीं है। यह पुरानी चीजों को भुलाकर आगे बढ़ने का वक्त है। जब हम गलत व्यक्ति से घबराते हैं, तो उसका दुस्साहस बढ़ता है। निर्दोष लोगों को प्रताड़ित करने की मंशा के साथ उतनी तेजी से आगे बढ़ता है। जब उसका प्रतिरोध होता है, तब उसकी हिम्मत नहीं होती है कि वह कुछ कर सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए कहा कि कैराना कस्बा कभी देश के प्रमुख औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ शास्त्रीय संगीत एवं उसके प्रमुख घराने का केन्द्र बिन्दु माना जाता था। उन्होंने वर्ष 2017 से पूर्व, राजनीतिक अपराधीकरण के शिकार हुए कुछ पीड़ित परिवारों के साथ संवाद किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी को मिल रहा है। अपराध एवं अपराधियों के प्रति कठोरतम कार्यवाही भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कस्बे के सभी लोग बेझिझक अपने पूर्वजों की भूमि पर निवास करें, जिससे यहां की विरासत को संरक्षण मिले और व्यापारिक व औद्योगिक गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय जिन परिवारों को क्षति पहुंचायी गयी थी, उन पीड़ित परिवारों को प्रदेश सरकार द्वारा मुआवजा प्रदान किया जाएगा, जिससे वे लोग फिर से अपने व्यवसाय व अन्य गतिविधियों को बढ़ा सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में वर्तमान सरकार द्वारा कार्यभार ग्रहण किए जाने के बाद अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर कार्यवाही प्रारम्भ की गई। तब से सभी परिवार अपने को सुरक्षित महसूस करके कैराना वापस आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा यहां पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान करने हेतु पुलिस चौकी के सुदृढ़ीकरण की कार्यवाही पहले ही पूर्ण की जा चुकी है। आज यहां पर पी0ए0सी0 के भवन का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कैराना से पलायन किए हुए ज्यादातर परिवार वापस आ चुके हैं, उनमें एक विश्वास जगा है। वर्तमान सरकार ने सभी परिवारों को आश्वस्त किया कि कैराना कस्बे में अब आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगा है। यहां पर तेजी से विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने हेतु बाईपास का निर्माण किया गया है। औद्योगिक इकाइयों का पुनर्गठन करने के साथ-साथ नई इकाइयां भी स्थापित की जा रही हैं। औद्योगिक विकास एवं निवेश की सम्भावनाओं के दृष्टिगत बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
इस अवसर पर गन्ना विकास मंत्री श्री सुरेश राणा, विधान परिषद सदस्य श्री स्वतंत्रदेव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

About the Author

Sarvoday Times

Editor

View All Posts

Post navigation

Previous: सहकारी सप्ताह 14 नवम्बर, 2021 से 20 नवम्बर, 2021 तक मनाया जायेगा
Next: प्रधानमंत्री जी के नेतृृत्व में पूरे देश ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया

Related Stories

14091-honey-bee
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

करघे की खनक और शहद की मिठास लेकर दुनिया के बाजार में उतरेगा बागपत

Sarvoday Times 9 hours ago 0
e3fb39c6ae8f74a2b3b564335c59bf741748096939207487_original
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

योगी सरकार का दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने पर जोर, हर विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे कल्याण शिविर

Sarvoday Times 9 hours ago 0
1780413707-3418
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

योगी सरकार की मुफ्त कोचिंग ने गढ़ी सफलता की नई कहानी, यूपीपीएससी-2025 में 74 अभ्यर्थी सफल

Sarvoday Times 9 hours ago 0
| ReviewNews by AF themes.