Skip to content

Primary Menu
  • Home
  • मुख्यमंत्री ने जनपद सहारनपुर में 2,131 करोड़ रु0 लागत की325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री ने जनपद सहारनपुर में 2,131 करोड़ रु0 लागत की325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Sarvoday Times 5 months ago 1 minute read 0 comments
DSC_8451.JPG

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद सहारनपुर के देवबंद स्थित ग्राम जड़ौदा जट्ट में आयोजित कार्यक्रम में 2,131 करोड़ रुपये लागत की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें जनपद की सभी सात विधान सभाओं के विकास से जुड़ी 500 करोड़ रुपये लागत की 184 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1,631 करोड़ रुपये लागत की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान, एक जनपद एक उत्पाद, नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अन्तर्गत कृषक समृद्धि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), शादी विवाह अनुदान योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, खाद्य प्रसंस्करण तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक आदि प्रदान किये।
मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता है। आज सहारनपुर अपनी गति व प्रगति के लिए जाना जा रहा है। इसके माध्यम से सहारनपुर भारत की समृद्धि में योगदान दे रहा है। सहारनपुर सहित पूरा उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सहारनपुर, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलन्दशहर तथा बागपत में प्रत्येक सेक्टर में स्वस्थ विकास की प्रतिस्पर्धा हो रही है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर वर्ष 2017 में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनी। अब सहारनपुर की पहचान यहां के कारीगरों द्वारा बनाए गए वर्ल्ड क्लास काष्ठकला वुड कार्विंग से हो रही है। इस कार्य से सहारनपुर को एक नई पहचान मिली है। विगत 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री जी ने दिल्ली, बागपत, शामली, सहारनपुर, देहरादून 06-लेन एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया है। पहले सहारनपुर से दिल्ली तक जाने में 06 घण्टे लगते थे, वहीं अब मात्र दो से ढाई घण्टे लगते हैं। हम दिल्ली और देहरादून के बीच इस कॉरिडोर में पहला इण्डस्ट्रियल और लॉजिस्टिक हब जनपद सहारनपुर में बनाने जा रहे हैं। इसका कार्य भी प्रारम्भ हो गया है। इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
प्रधानमंत्री जी ने जेवर में देश के सबसे बड़े नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया है। उन्होंने दिल्ली से मेरठ के बीच देश की पहली रैपिड रेल का लोकार्पण भी किया है। विगत 29 अप्रैल को मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 600 किलोमीटर लम्बे 06-लेन गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया है। अब सहारनपुरवासियों को लखनऊ तक जाने में 06 घण्टे तथा प्रयागराज तक जाने में साढ़े सात घण्टे का समय लगेगा।
मुख्यमंत्री जी ने माता शाकुम्भरी तथा माता त्रिपुरेश्वरी बाला सुन्दरी सिद्ध पीठ की पावन धरा को नमन करते कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में माँ शाकुम्भरी धाम में नवरात्रि के दौरान अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु माता का दर्शन-पूजन करने आते हैं और अभिभूत होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु इस धाम के पुनरुद्धार और बेहतरीन कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। विकास की अनेक परियोजनाओं के साथ-साथ माँ शाकुम्भरी सिद्ध पीठ जाने के लिए एलिवेटेड हाईवे का निर्माण किया जा रहा है। सम्पूर्ण कॉरिडोर का विकास हो रहा है। वहां बेहतरीन जन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सहारनपुर में माँ शाकुम्भरी के नाम पर विश्वविद्यालय है। यहां एयरपोर्ट का निर्माण अन्तिम चरण में है। इसके माध्यम से अब सहारनपुर भी देश और दुनिया से जुड़ेगा। यहां स्पोर्ट्स कॉलेज, डिग्री कॉलेज तथा बस स्टेशन बनाये जा रहे हैं। सहारनपुर नगर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए आर0सी0सी0 ड्रेन बनाने की कार्यवाही आगे बढ़ायी जा रही है।
प्रत्येक जनप्रतिनिधि अपनी-अपनी विधानसभा में विकास के कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहे हैं। इन परियोजनाओं से सहारनपुर की गलियों और प्रत्येक गांव की कनेक्टिविटी सहित विकास को नई गति मिलेगी। जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहे, जनभावनाओं का सम्मान करें, सुशासन के लक्ष्यों को पूरी प्रतिबद्धता से लागू करें और बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है। उत्तर प्रदेश बदल चुका है। यदि अब उत्तर प्रदेश के युवा जहां भी अपनी पहचान बताते हैं, तो सामने वाले के चेहरे पर सम्मान की चमक आ जाती है। यह तभी सम्भव हुआ है, जब हमने समाज को विभाजित करने वाले तत्वों से सावधान रहते हुए बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में समग्र विकास के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया। समाज के प्रत्येक तबके को बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया। प्रत्येक वंचित को वरीयता तथा पिछड़े को प्राथमिकता दी। परिणामस्वरूप, आज उत्तर प्रदेश विकास कर रहा है। हमें इस पहचान को बनाए रखना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व जनपद सहारनपुर में दंगे होते थे। यहां विकास कार्य रुके हुए थे। बेहतर कनेक्टिविटी का अभाव था। देश की राजधानी पहुंचने में 04 से 06 घण्टे तथा प्रदेश की राजधानी पहुंचने में 12 से 14 घण्टे का समय लगता था। सहारनपुर अपनी पहचान के लिए मोहताज था। 09 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। उन्हें अपनी पहचान छुपानी पड़ती थी। यहां के अन्नदाता किसान परेशान थे, युवा पलायन के लिए मजबूर थे तथा उद्यमी व व्यापारियों के बीच भय व्याप्त था। महीनों तक यहां कर्फ्यू लगा रहता था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास में बाधक तत्व हमेशा हमें विभाजित करने का प्रयास करते हैं। बहन-बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले ऐसे तत्व अपने कारनामों को छुपाने के लिए जाति का सहारा लेते हैं। भारत की सनातन परम्परा को अपमानित करने के लिए इनके द्वारा मनगढ़ंत मुद्दे गढ़े जाते हैं। समाज में अलगाव पैदा करने का कुत्सित प्रयास किया जाता है।
आज प्रत्येक जनपद से युवा सरकारी नौकरी में आ रहे हैं। किसी भी पुलिस भर्ती में सहारनपुर के लगभग 500 नौजवानों को नौकरी मिलती है। वर्ष 2017 से पूर्व भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव होता था। प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ मंत्र को अंगीकार किया। हमारे लिए कोई भी व्यक्ति किसी जाति, मत, मजहब का नहीं, बल्कि प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के एक परिवार के रूप में हैं। हमें 25 करोड़ लोगों के विकास तथा उत्थान के लिए कार्य करना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुण्डा तथा कर्फ्यू मुक्त है। अब यहां जन्माष्टमी, कांवड़ यात्रा तथा भारतीय विरासत से जुड़े कार्यक्रमों में कोई बाधक नहीं बन सकता। आज बहन-बेटी की सुरक्षा पर कोई हाथ नहीं डाल सकता। अब कोई अन्नदाता किसानों का शोषण तथा व्यापारी का अपहरण करने का दुस्साहस नहीं कर सकता। हमें डबल इंजन सरकार की गति से प्राप्त इस प्रगति को बनाए रखना होगा। इस प्रगति का आधार हमारे जनप्रतिनिधिगण हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण है। आज व्यक्ति की स्वतंत्रता में कोई बाधक नहीं बन सकता। देश की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा सकता। अब यहां एण्टी टेररिस्ट स्क्वॉड बनकर तैयार हो गया है। हमारे ए0टी0एस0 के कमाण्डों यहां निगरानी करते हैं। कोई देश की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करेगा तथा युवाओं के भरोसे के साथ खिलवाड़ करेगा, तो उसके गम्भीर परिणाम भुगतने होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में विकास के बड़े-बड़े कार्य किये जा रहे हैं। इनमें स्पोर्ट्स कॉलेज, 02-लेन व 04-लेन सड़क, आर0सी0सी0 नाला, विश्वविद्यालय, महाविद्यालय आदि सम्मिलित हैं। यह विकास ही आपके उज्ज्वल भविष्य का आधार बनने वाला है। यही आपकी प्रगति को और विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाएगा। यही कार्य आम जनता की सन्तुष्टि का आधार है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देश राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समारोह आयोजित कर रहा है। यदि कोई भी व्यक्ति भारत के प्रतीकों का अपमान करेगा, तो उसे सजा भुगतनी होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें सहारनपुर को एक नई पहचान दिलानी है। जनप्रतिनिधियों के प्रयास से यहां विकास के अनेक कार्य प्रारम्भ किये गये हैं। स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत शहर का कायाकल्प हो रहा है। स्मार्ट सड़कें बन रही हैं। इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर बन रहा है। सी0एम0 ग्रिड योजना के अन्तर्गत अच्छी सड़कें बनायी जा रही हैं। हम सबको इन योजनाओं का समर्थन करना चाहिए। योजनाएं की मॉनीटरिंग में जनता-जनार्दन की सहभागिता होनी चाहिए। समय पर गुणवत्तायुक्त कार्य होना चाहिए। कोई राष्ट्रीय सम्पत्ति को नुकसान न पहुंचाने पाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सहारनपुर आगे बढ़ रहा है। जो आपने सोचा भी नहीं होगा, वह सब डबल इंजन सरकार सहारनपुर में धरातल पर उतार रही है। यह अभियान अनवरत चलता रहेगा। विकास, सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, औद्योगिक विकास, कारीगरों का सम्मान तथा अन्नदाता किसानों की खुशहाली के लिए सरकार हर सम्भव कार्य करेगी। सहारनपुर इस कार्य में भागीदारी के लिए स्वयं को तैयार करे।
लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह ने कहा कि देवबंद पवित्र स्थल है। देवबंद सहित पूरे जनपद में सड़कें चौड़ी हो गयी हैं, एयरपोर्ट बनकर तैयार है तथा देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का शुभारम्भ हो चुका है। मुख्यमंत्री जी ने देवबंद स्थित एक डिग्री कॉलेज में विज्ञान विषय की चलाने के निर्देश दिए हैं। 35 वर्षां के बाद इस कॉलेज की बिल्डिंग का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो गया है।
संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। चारो ओर खुशहाली का माहौल है। उत्तर प्रदेश अब सर्वात्तम प्रदेश बन चुका है। यहां विकास के साथ ही, विरासत का संरक्षण भी हो रहा है।
इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा, विधायक श्री मुकेश चौधरी, श्री देवेन्द्र निम, श्री कीरत सिंह, श्री राजीव गुम्बर, विधान परिषद सदस्य श्रीमती वंदना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

About the Author

Sarvoday Times

Editor

View All Posts

Post navigation

Previous: डिफेंस सेक्टर में यूपी ने की उल्लेखनीय प्रगति- सीएम 
Next: संतरे के छिलकों का इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल, मिलेंगे कई स्वास्थ्य लाभ

Related Stories

68cdc4ef45eb0-yogi-190233156-16x9
  • उत्तर प्रदेश
  • मेन स्लाइड

यूपी के हुनर और उत्पादों को दुनिया का बाजार देगा ट्रेड शो: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Sarvoday Times 16 hours ago 0
ae9ae993aa91e04dd8a8eea6181d34f61755078090989487_original
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • मेन स्लाइड

सपा राज की गुंडागर्दी पर योगी सरकार ने लगाया ब्रेक’, मंत्री असीम अरुण का अखिलेश पर तीखा हमला

Sarvoday Times 16 hours ago 0
aNIL
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

आरक्षण की चोरी करने वाले आज ज्ञान दे रहे हैं, अंबेडकर को अपमानित करने वाले आज सम्मान की बात करते हैं: अनिल राजभर

Sarvoday Times 16 hours ago 0
| ReviewNews by AF themes.