गोण्डा। आगामी मोहर्रम त्यौहार के दृष्टिगत जनपद बलरामपुर में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कोतवाली नगर व थाना कोतवाली देहात क्षेत्रान्तर्गत स्थित नहरबालागंज कर्बला सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों एवं ताजिया मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार, बलरामपुर में मोहर्रम त्यौहार के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्यौहार के दौरान जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात संचालन के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए, जिससे त्यौहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में निरंतर एवं प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आयोजनों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता तथा स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं आयोजन समितियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
यातायात व्यवस्था के संबंध में निर्देशित किया गया कि प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग एवं डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। साथ ही ताजिया जुलूस मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती ज्योति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
