लखनऊ,भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित अवध क्षेत्र के शक्ति केन्द्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बूथ और शक्ति केन्द्रों को मजबूत बनाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को पहले से भी बड़ी विजय दिलाने के लिए जुट जाएं। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की आत्मा है और यह प्रभु श्रीराम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान व्यक्तित्वों की प्रेरणा से समृद्ध भूमि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास और विरासत दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बनाई है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को माफियाराज, अराजकता और तुष्टीकरण की राजनीति से बाहर निकालकर विकास की नई दिशा दी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, महिलाओं की सुरक्षा बढ़ी है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ धाम कॉरिडोर जैसे कार्य विरासत और विकास के समन्वय का उदाहरण हैं।नितिन नबीन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक भारत-श्रेष्ठ भारत”, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” और अटल बिहारी वाजपेयी के “सुशासन” के विचारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए काम करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल केवल स्मारक नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा का केंद्र है। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची प्रतिमाएं तथा संग्रहालय नई पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन से परिचित करा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान दिया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाकर उनके सपने को साकार किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गरीब कल्याणकारी योजनाएं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतार रही हैं, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को राजनीतिक स्थिरता और सुशासन का मॉडल दिया।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास साथ-साथ आगे बढ़े हैं। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या, विंध्य धाम, नैमिषारण्य, वृंदावन, मथुरा और महाकुंभ जैसे कार्य इसके प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज एक्सप्रेसवे, मेट्रो, रेलवे, इनलैंड वॉटरवे और रक्षा विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बन रहा है तथा ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारें माफियाओं को संरक्षण देती थीं, जबकि वर्तमान सरकार राष्ट्र सुरक्षा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता भारत की एकता और अखंडता के लिए समर्पित है तथा सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीब, किसान, महिला और युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।उन्होंने शक्ति केन्द्रों और बूथों को चुनावी सफलता की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कहा कि यदि शक्ति केन्द्र मजबूत होंगे तो भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक माह अंतिम रविवार को “मन की बात” कार्यक्रम सुनने और प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल भाजपा की वैचारिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान बदल गई है। प्रदेश अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” के माध्यम से निर्यात और निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है तथा देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों ने प्रदेश को नई दिशा दी है और वर्ष 2027 में वर्ष 2017 से भी बड़ी जीत का शुभारंभ राष्ट्र प्रेरणा स्थल से हो गया है।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, महिला, किसान और युवा को विकास का केंद्र बनाया है तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
