इटियाथोक,गोंडा। जयप्रभा ग्राम में चल रहे श्रीराम कथा महोत्सव के छठवें दिन रविवार को सीताराम विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा पंडाल सुबह से ही श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। कथा व्यास राजन जी महाराज ने राजा दशरथ द्वारा अयोध्या से मिथिला बारात ले जाने और माता सीता व भगवान श्रीराम के विवाह उत्सव का मार्मिक प्रसंग सुनाया, जिसे सुनकर पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।कथा में महाराज जनक द्वारा बारात के भव्य स्वागत और विवाह की रस्मों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। विवाह के मंगल अवसर पर पारंपरिक मंगल गीतों और संकीर्तन के साथ उत्सव मनाया गया। महिलाएं और बच्चे विवाह गीतों पर झूमते नजर आए।इस अवसर पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह कथा मंच पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जयप्रभा की इस पवित्र धरती पर देख रहा हूं कि कथा के क्षेत्र में भी गोंडा का दबदबा है और रहेगा। राजन जी महाराज की गोंडा में यह दूसरी कथा है और इसी वर्ष तीसरी कथा भी प्रस्तावित है।उन्होंने कहा कि सतयुग में हिरण्यकशिपु का वध और भगवान विष्णु का सूकर अवतार इसी गोंडा में हुआ। त्रेता में यह धरती अयोध्या की गौशाला रही, द्वापर में पांडवों ने पृथ्वीनाथ के पास अज्ञातवास काटा। गौतम बुद्ध ने यहीं तपस्या की, पराशर ऋषि ने इटियाथोक में चांद-तारों की गणना की।उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को सबसे पहले गोंडा ने ही सांसद बनाया था। आजादी की लड़ाई में महाराजा देवी बक्स सिंह, बलभद्र सिंह का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उससे भी पहले महाराजा सुहेलदेव ने अफगानिस्तान के रास्ते यहां आए सैयद सालार मसूद गाजी को घेरकर मार दिया था। राम जन्मभूमि आंदोलन में भी देवीपाटन मंडल का दबदबा था। देश को जब-जब जरूरत पड़ी, देवीपाटन मंडल ने बढ़-चढ़कर साथ दिया।अंत में उन्होंने संत-महात्माओं, राम भक्तों और व्यास पीठ पर बैठे राजन जी महाराज को प्रणाम कर आशीर्वाद मांगा कि गोंडा का दबदबा ऐसे ही हमेशा बना रहे।इस अवसर पर महंत आलोक दास महाराज, राजकुमार दास महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, विधायक पलटू राम, विधायक विनय कुमार द्विवेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू सहित तमाम संत-महात्मा व विशिष्ट जन मौजूद रहे।कथा के बाद भक्तों ने प्रतिदिन चल रहे भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन समिति के आलोक दास महाराज ने कथा में शामिल सभी संत-महात्माओं व विशिष्ट जनों का स्वागत सम्मान किया।
