दरअसल, एक भारतीय महिला किसी वजह से कुवैत में फंस गई थी और भारत में उसके घर वाले परेशान हो गए थे। जैसे ही सनी देओल को इसकी भनक लगी, उन्होंने विदेश मंत्रालय से लेकर कुवैत स्थित भारतीय एंबेसी तक जोर लगाकर उसके स्वदेश लौटने का रास्ता साफ करा दिया। धर्मेंद्र को जब अपने बेटे के इस काम की जानकारी मिली तो उन्होंने उन्हें इसी तरह जनता की सेवा करते रहने का आशीर्वाद दिया है।
जब धर्मेंद्र को इस बात की जानकारी मिली कि सनी देओल की कोशिशों से एक महिला अपने घर लौट सकी है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने महिला के वापस भारत आने वाली एक खबर के साथ ट्वीट करते हुए सनी देओल के लिए फर्ज निभाते रहने का संदेश लिखा है। धर्मेंद्र के शब्द हैं, ‘नौकरी समझ कर फर्ज निभाना, सनी बेटे। गॉड ब्लेस यू।’
धर्मेंद्र ने जो खबर शेयर की है उसमें जिला प्रधान विपिन महाजन के हवाले से यह जानकारी दी गई है कुछ दिनों पहले एक महिला जिसका नाम वीना है कुवैत में फंस गई थी। उसने भारत वापस आने के लिए सांसद सनी देओल से गुहार लगाई थी।
इसके बाद सनी ने इस मुद्दे पर भारतीय एंबेसी के मुद्दे पर बात की और उनकी मदद से महिला को कुवैत से ढूंढा गया। सनी की मदद के कारण से ही महिला अपने घर वापस आ पाई है।
