जनपद लखनऊ की तहसील मोहनलालगंज अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर गढ़ी में अवैध मिट्टी खनन की प्राप्त शिकायत पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी, लखनऊ एवं खनन अधिकारी, लखनऊ की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके पर अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जाना पाया गया। कार्रवाई करते हुए टीम ने अवैध खनन में संलिप्त 3 जेसीबी मशीनों एवं 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर थाना गोसाईगंज में सीज करा दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज नियमावली एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
