Skip to content
sarvoday times

Sarvoday Times

Latest News Portal & E-Paper

Primary Menu
  • देश
  • विदेश
  • राजनीति
  • राज्य
    • उत्तर प्रदेश
    • उत्तराखंड
    • दिल्ली
    • बिहार
    • महाराष्ट्र
    • मध्य प्रदेश
    • चंडीगढ़
  • मनोरंजन
  • बिजनेस
  • खेल
  • क्राइम
  • गैजेट्स
  • जीवन शैली
  • E-Paper
  • Home
  • मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 20 अक्टूबर, 2021 को प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 20 अक्टूबर, 2021 को प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया

Sarvoday Times 5 years ago (Last updated: 5 years ago) 1 minute read 0 comments
download (3)

कोरोना संक्रमण से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर सुदृढ़ बनाकर रखा जाए: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर सुदृढ़ बनाकर रखा जाए। प्रदेश में संक्रमण तेजी से कम हो रहा है, किन्तु यह अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए यह अतिरिक्त सतर्कता एवं सावधानी बरतने का समय है। उन्होंने कोविड प्रोटोकॉल का पूर्णतया पालन सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 20 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 17 व्यक्तियों को सफल उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 145 है। केन्द्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से निर्माणाधीन 548 में से अब तक 499 ऑक्सीजन प्लाण्ट क्रियाशील हो चुके हैं।

जनपद अमरोहा, अयोध्या, बदायूं, बागपत, बलिया, बस्ती, बहराइच, भदोही, चन्दौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फतेहपुर, गाजीपुर, गोण्डा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, महोबा, मऊ, मीरजापुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, रामपुर, संतकबीरनगर, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर और उन्नाव में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.7 प्रतिशत है। पिछले 24 घण्टे में प्रदेश में 1,43,435 कोरोना टेस्ट किए गए। अब तक राज्य में 08 करोड़ 06 लाख 05 हजार 946 कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार लक्षित आयु वर्ग के सभी नागरिकों को कोरोना टीकाकरण का सुरक्षा कवच निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में टीकाकरण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए पात्र लोगों का समय से टीकाकरण किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि राज्य में गत दिवस तक 11 करोड़ 65 लाख 55 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डेंगू, डायरिया, कॉलरा सहित विभिन्न विषाणुजनित व जीवाणुजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का कार्य निरन्तर जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के सम्बन्ध में लोगों को जागरूक किया जाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी 75 जनपदों में न्यूनतम एक-एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए कृतसंकल्पित है। निरन्तर किये गये प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश के 59 जनपदों में न्यूनतम एक मेडिकल कॉलेज क्रियाशील हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 16 जनपदों में पी0पी0पी0 मॉडल के आधार पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना के सम्बन्ध में तेजी से प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य प्रारम्भ हो सके।

बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षात्मक जनपदों हेतु जारी की गई जुलाई-अगस्त, 2021 की डेल्टा रैंकिंग में प्रदेश के 08 आकांक्षात्मक जनपदों में से 07 जनपदों ने देश में टॉप-10 में स्थान बनाया है। यह प्रदेश के लिए एक उपलब्धि है। नीति आयोग द्वारा आकांक्षात्मक जनपदों हेतु जारी की गई जुलाई-अगस्त, 2021 की डेल्टा रैंकिंग में प्रदेश के जनपद फतेहपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, चित्रकूट, बहराइच, श्रावस्ती और चन्दौली सम्मिलित हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पर्व एवं त्योहारों का समय प्रारम्भ हो चुका है। इसके दृष्टिगत सभी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए दुर्गा पूजा कमेटियों, रामलीला कमेटियों, धर्माचार्यों, किसान संगठनों और सिविल सोसाइटी के साथ संवाद बनाते हुए सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था सतत बनायी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने जनपद कुशीनगर में 20 अक्टूबर, 2021 को प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद कुशीनगर में 20 अक्टूबर, 2021 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री जी आगामी 20 अक्टूबर को जनपद कुशीनगर में अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम सम्बन्धी सभी तैयारियों को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के सभी प्रयास सुनिश्चित किये जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने कुशीनगर इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और लोकार्पण समारोह की व्यवस्था के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक भी की। इस बैठक मंे जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक, पुलिस तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एयरपोर्ट सहित जनसभा स्थल तथा जनपद कुशीनगर में साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय बनाकर समारोह को सफल बनाने के लिए तेजी से कार्य करें। उन्होंने लोकार्पण समारोह की तैयारियों की सभी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। ज्ञातव्य है कि इस लोकार्पण समारोह में श्रीलंका के राष्ट्रपति सहित प्रतिनिधिमण्डल व कई देशों के राजनयिकों का आगमन प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री जी एयरपोर्ट के निरीक्षण और समीक्षा बैठक के पश्चात भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली पर बने मन्दिर में पहुंचे। उन्होंने तथागत बुद्ध की शयनमुद्रा वाली प्रतिमा का दर्शन-पूजन किया। चीवर चढ़ाकर परिक्रमा की। यहां पर भी उन्होंने कार्यक्रम और अतिथियों के स्वागत को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री जी के जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जनसभा स्थल पर बनाए जा रहे मंच तथा दर्शक दीर्घा का जायजा लिया। उन्होंने सभी तैयारियांे और व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री कल 13 अक्टूबर को जनपद गोरखपुर में महन्त अवेद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय, जंगल कौड़िया का लोकार्पण करेंगे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी कल 13 अक्टूबर, 2021 को जनपद गोरखपुर में महन्त अवेद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय, जंगल कौड़िया का लोकार्पण करेंगे।
यह जानकारी आज यहां देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि जनपद गोरखपुर के ग्राम रसूलपुर चकिया में महन्त अवेद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की गयी है। इस राजकीय महाविद्यालय में कला संकाय, विज्ञान संकाय तथा वाणिज्य संकाय स्थापित किये गये हैं। कला संकाय के अन्तर्गत 08 विषय-हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, गृह विज्ञान, भूगोल, शिक्षा शास्त्र एवं चित्रकला, विज्ञान संकाय के अन्तर्गत 05 विषय-भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान एवं गणित तथा वाणिज्य संकाय में वाणिज्य विषय के अध्ययन की व्यवस्था है।
महन्त अवेद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए 02 छात्रावास भी निर्मित किये गये हैं। छात्रों के लिए निर्मित पुरुष छात्रावास में 30 कमरे हैं, जिनमें 90 छात्र रह सकते हैं। छात्राओं के लिए बने महिला छात्रावास में 20 कमरे हैं, जिनमें 60 छात्राओं के रहने की सुविधा है। इस राजकीय महाविद्यालय की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे विद्यार्थियों, जो अपनी विशिष्ट पारिवारिक एवं आर्थिक परिस्थ्तिियों के कारण घर से दूर जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण नहीं कर सकते, को उनके निवास के समीप गुणवत्तापरक उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

Post navigation

Previous: मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि में महाअष्टमी एवं महानवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं
Next: आइए पंचांग से जानें आज का शुभ और अशुभ मुहूर्त

Related Stories

MMP_9268
  • उत्तर प्रदेश
  • मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री ने डॉ0 राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षान्त समारोह को सम्बोधित किया

Sarvoday Times 2 weeks ago 0
DSC_2399.JPG
  • उत्तर प्रदेश
  • मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री ने एच0सी0एल0 टेक के एच0सी0एल0 आई0टी0 सिटी लखनऊ

Sarvoday Times 4 weeks ago 0
images (7)
  • उत्तर प्रदेश
  • मुख्य समाचार

ग्रीन कॉरिडोर की तर्ज पर फैजुल्लागंज से नैमिष तक बनेगा तटबंध: मुख्यमंत्री योगी

Sarvoday Times 4 weeks ago 0
| ReviewNews by AF themes.