Skip to content

Primary Menu
  • Home
  • बुन्देलखण्ड में बनने वाला उ0प्र0 डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरीडोर भविष्य में भारत के सामर्थ्य केन्द्र के रुप में जाना जायेगा: प्रधानमंत्री
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • मुख्य समाचार

बुन्देलखण्ड में बनने वाला उ0प्र0 डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरीडोर भविष्य में भारत के सामर्थ्य केन्द्र के रुप में जाना जायेगा: प्रधानमंत्री

Sarvoday Times 5 years ago (Last updated: 5 years ago) 1 minute read 0 comments
download (5)

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आज झांसी की रानी वीरांगना लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव पर झांसी किला परिसर में आयोजित राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व-झांसी जलसा कार्यक्रम के अवसर पर 3425 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के झांसी नोड में भारत डायनामिक्स लिमिटेड द्वारा स्थापित की जा रही रक्षा उपकरण इकाई तथा 600 मेगावॉट अल्ट्रा मेगा सोलर पावर पार्क, झांसी का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की लागत क्रमशः 400 करोड़ रुपए और 3013 करोड़ रुपए है। इस अवसर पर उन्होंने अटल एकता पार्क, झांसी का लोकार्पण किया। इस परियोजना की लागत 11.30 करोड़ रुपए है। 
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानमंत्री जी द्वारा झांसी किले के शीर्ष स्थल पर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का अनावरण कर किया गया। इस दौरान सेना प्रमुख द्वारा प्रधानमंत्री जी को सलामी देकर परम्परागत तरीके से स्वागत किया गया। स्वागत की बेला में केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी द्वारा प्रधानमंत्री जी को स्वागत स्वरुप सुन्दर चित्र भेंट किया गया। इसके उपरान्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा अभिवादन स्वरुप प्रधानमंत्री जी को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का ब्रास स्टेच्यू भेंट किया गया।
प्रधानमंत्री जी ने अपने उद्बोधन में बुन्देली भाषा में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्वासुमन अर्पित करते हुये नमन किया। उन्होंने कहा कि झांसी की शौर्य भूमि पर कदम पड़ते हुये प्रत्येक व्यक्ति के शौर्य की बिजली दौड़ जाती है। आज शौर्य, पराक्रम की पराकाष्ठा का प्रतीक रानी लक्ष्मीबाई की जयंती है। वर्तमान समय में सशक्त और सामर्थ्यशाली भारत विकास के एक आयाम का आकार धारण कर रहा है। झांसी की धरा पर उपस्थित होकर ‘‘मैं स्वयं को अत्यधिक गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।’’ मेरा यह सौभाग्य हैं कि ‘‘मैं झांसी की रानी की जन्मस्थली (काशी) का प्रतिनिधित्व करता हूं।’’ झांसी की भूमि पर मुझे विशेष गौरव की अनुभूति हो रही हैं। उन्होंने गुरु नानकदेव की जयंती पर गुरु नानक जी को नमन करते हुये समस्त देशवासियों को गुरुनानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली की बधाई दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यह धरती वीरांगना झलकारी बाई की वीरता एवं शौर्य का गुणगान करती है। प्रधानमंत्री जी ने मेजर ध्यानचन्द को स्मरण करते हुये कहा कि उन्होंने हमारे देश को हॉकी खेल में विशेष गौरव दिलाया। मेजर ध्यानचन्द के खेल जगत में विशेष योगदान को देखते हुये भारत सरकार द्वारा सबसे बड़े पुरस्कार को इनके नाम पर समर्पित किया गया। 
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि अब झांसी में एण्टी टैंक मिसाइल के लिये उपकरण बनाये जायेंगे, इससे भारत को रक्षा क्षेत्र में मजबूती प्राप्त होगी। देश में लगभग 100 सैनिक स्कूलों की स्थापना की जा रही है, जिसमें बालिकाओं के अध्ययन की भी बेहतर व्यवस्था की जायेगी। 
प्रधानमंत्री जी ने बताया कि आज रक्षा मंत्रालय ने मेरे बचपन की एन0सी0सी0 की यादों का स्मरण कराया। हमें एन0सी0सी0 के अनुशासन एवं संस्कारों को उजागर करने का कार्य करना चाहिए। आज विश्व प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है, ऐसे में भारत के अधिकांश क्षेत्र में सोलर पावर प्लांट का शिलान्यास किया जा रहा है। भारत देश कभी कोई लड़ाई शौर्य एवं बलिदान की कमी के कारण नहीं हारा। बुन्देलखण्ड में बनने वाला उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरीडोर भविष्य में भारत के सामर्थ्य केन्द्र के रुप में जाना जायेगा। आज देश का मंत्र ‘‘मेक इन इण्डिया, मेड फॉर वर्ल्ड’’ है। हमारा देश आधुनिक तकनीक के रक्षा उत्पादन तैयार कर देश के रक्षा क्षेत्र को तैयार कर रहा है। देश में प्रगति के बीज निरन्तर अंकुरित हो रहे हैं। हमें वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना झलकारीबाई, वीरांगना अवन्तीबाई एवं वीरांगना ऊदाबाई के शौर्य एवं वीरता से प्रेरणा लेनी चाहिए। हमें अपने देश के विकास एवं अखण्डता के लिये संकल्प लेना होगा। झांसी के नौजवान इस भूमि की वीरांगनाओं एवं वीरों के बलिदानों का स्मरण अवश्य करते रहे, इस क्षेत्र का गौरव निरन्तर प्रगतिशील रहे। उन्होंने प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा कराये जा विकास कार्यों की सराहना की।  
केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज गुरु नानक देव की जयंती का पर्व है। गुरु नानक ने महिला एवं पुरुष में भेद न करते हुये अन्धविश्वास एवं रुढ़िवादी विचारधारा का त्यागने का समाज को संदेश दिया। इसके साथ ही वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती है। आज का यह आयोजन रानी की बलिदान एवं शौर्य का प्रतीक है। महिला सुरक्षा की दिशा में रक्षा मंत्रालय द्वारा निरन्तर नये-नये प्रयास किये जा रहे है। रक्षा मंत्रालय प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत 70 देशों में रक्षा उपकरण निर्यात करने का कार्य कर रहा है। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की 193वीं जयंती पर आज हम इनके शौर्य एवं पराक्रम का स्मरण करते हैं। 1857 के प्रथम स्वतन्त्रता समर में विदेशी हुकूमत को हिलाने वाली महारानी लक्ष्मीबाई जी की शौर्य गाथा को हर भारतवासी बड़ी श्रद्धा व सम्मान के साथ स्मरण करता है। 1857 के पूर्व रानी लक्ष्मीबाई जी ने विदेशी हुकूमत को चुनौती देते हुए कहा था ‘‘मैं अपनी झांसी हरगिज नहीं दूंगी’’, यह आज भी हम सबको माता व मातृभूमि के प्रति एक नया समर्पण भाव व्यक्त करने के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री जी स्वयं इस प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। देश की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जो 02 डिफेंस कॉरिडोर स्वीकृत हुए थे, उनमें से प्रधानमंत्री जी ने एक उत्तर प्रदेश को दिया है। आज उत्तर प्रदेश का डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर इस दिशा में तेजी के साथ न केवल रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को बल्कि उत्तर प्रदेश में रोजगार व नौकरी की ढेर सारी संभावनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य भी कर रहा है। झांसी में 1,034 हेक्टेयर का लैण्ड बैंक हमारे पास मौजूद है, जिससे अब तक 603 करोड़ का प्रस्तावित निवेश हमें प्राप्त हुआ है। अब तक चित्रकूट में 101 हेक्टेयर, कानपुर में 184 हेक्टेयर, अलीगढ़ में 81 हेक्टेयर और लखनऊ में 80 हेक्टेयर लैण्ड बैंक के रूप में हम लोगों ने अपने पास सुरक्षित रखा है। आज प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से भारत डायनमिक्स लिमिटेड की लगभग 400 करोड़ की आधारशिला रखी गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 183 हेक्टेयर भूमि भारत डायनमिक्स लिमिटेड को प्रदान कर दी है। झांसी में 1,034 हेक्टेयर का लैंडबैंक मौजूद है, जिससे अब तक 603 करोड़ का प्रस्तावित निवेश प्राप्त हुआ है। मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 2017 से अब तक 1,440 मेगावॉट क्षमता के सोलर पावर प्लाण्ट कमीशन्ड किए गए हैं। आज प्रधानमंत्री जी ने स्वयं टी0एच0डी0सी0 इण्डिया लिमिटेड की भागीदारी से 600 मेगावॉट के एक नए सोलर पावर प्लाण्ट की यहां पर आधारशिला रखी है, जो इसी जनपद झांसी में स्थापित होगा। प्रदेश सरकार ने पहले से ही 2,850 एकड़ भूमि इसके लिए आवंटित की है। इसमें 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है। 6 हजार से अधिक रोजगार की सम्भावनाएं भी इसके माध्यम से प्राप्त होंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बुन्देलखण्ड के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रधानमंत्री जी ने इस क्षेत्र के एक छोर जनपद महोबा से प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई परियोजनाओं एवं जल जीवन मिशन से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण किया है। वहीं दूसरी ओर देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु ‘जय जवान-जय किसान’ के अभियान को साकार करने एवं हर काम देश के नाम लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में बुन्देलखण्ड की धरती पर आकर इन अभियानों को एक साथ आगे बढ़ाया है। 
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज झांसी में प्रधानमंत्री जी ने अटल पार्क का लोकार्पण किया है। श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व देश की संसद में किया था। प्रधानमंत्री जी की सोच ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ को साकार करता यह पार्क प्रधानमंत्री जी की स्मार्ट सिटी योजना का भाग है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना का उद्देश्य है कि शहर केवल सामान्य बुनियादी सेवाओं से युक्त न हो, बल्कि अपने आप में स्मार्ट भी बने। इसके लिए हम सभी को स्मार्ट सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। शहरों में अत्याधुनिक इण्टीग्रेटेड टैªफिक मैनेजमेण्ट सिस्टम को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य नागरिक क्षेत्र में शहरी क्षेत्र में इस विश्वास के साथ आता है कि उसे बुनियादी सेवाओं की सुविधा प्राप्त होगी। प्रदेश सरकार 17 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने का कार्य कर रही है। 
राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व के अवसर पर तीनों सेना के प्रमुख सहित सेना के अन्य उच्चाधिकारियों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल जी, केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री श्री अजय भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा एन0सी0सी0 कैडेट उपस्थित थे।

About the Author

Sarvoday Times

Editor

View All Posts

Post navigation

Previous: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के निर्णय का उ0प्र0 शासन की ओर से स्वागत किया
Next: मुख्यमंत्री ने कोविड संक्रमण से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए

Related Stories

14091-honey-bee
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

करघे की खनक और शहद की मिठास लेकर दुनिया के बाजार में उतरेगा बागपत

Sarvoday Times 18 hours ago 0
e3fb39c6ae8f74a2b3b564335c59bf741748096939207487_original
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

योगी सरकार का दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने पर जोर, हर विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे कल्याण शिविर

Sarvoday Times 18 hours ago 0
1780413707-3418
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

योगी सरकार की मुफ्त कोचिंग ने गढ़ी सफलता की नई कहानी, यूपीपीएससी-2025 में 74 अभ्यर्थी सफल

Sarvoday Times 18 hours ago 0
| ReviewNews by AF themes.