Skip to content

Primary Menu
  • Home
  • मुख्यमंत्री ने ईसवी सन् 2022 के शुभारम्भ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की मंगल कामना की
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री ने ईसवी सन् 2022 के शुभारम्भ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की मंगल कामना की

Sarvoday Times 5 years ago (Last updated: 5 years ago) 1 minute read 0 comments
download (5)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने ईसवी सन् 2022 के शुभारम्भ के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की मंगल कामना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए गम्भीरता से कार्य कर रही है।

आज यहां जारी एक शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री जी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश को समृद्धि एवं विकास के रास्ते पर ले जाने के राज्य सरकार के प्रयासों को नये वर्ष में और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं, जिनसे प्रदेश की जनता का जीवन स्तर निरन्तर बेहतर हो रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्याें के परिणामस्वरूप आज प्रदेश एक नई पहचान के साथ देश के विकास में अपनी अग्रणी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। डबल इंजन की सरकार के विकास कार्याें का लाभ गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला सहित समाज के हर वर्ग को प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने नववर्ष के अवसर पर आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने जनपद रायबरेली में लगभग 834 करोड़ रुपये लागत की 381 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद रायबरेली में लगभग 834 करोड़ रुपये लागत की 381 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 84 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 750 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 305 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। इन विकास परियोजनाओं से जनपद रायबरेली का चहुंमुखी विकास होगा और जनपदवासियों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आयेगा।
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मां गांगा के आंचल में बसा जनपद रायबरेली महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनी माधव बख्श सिंह तथा वीरापासी जैसे वीरों की धरती है। यह जनपद समग्र विकास की दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आप का जनसमर्थन अन्याय, अत्याचार एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित करता है। एम्स, रायबरेली प्रदेशवासियों को उत्तम चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में विकास के वातावरण में परिवर्तन का फर्क साफ दृष्टिगोचर है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से देश के लोगों के मन में विश्वास जागृत हुआ है। वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान, सहित समाज के हर वर्ग को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने किसानों के कल्याण, विकास एवं सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। राज्य सरकार ने सर्वप्रथम प्रदेश के 86 लाख किसानों का लगभग 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ करने का कार्य किया। प्रधानमंत्री जी द्वारा 01 जनवरी 2022 को प्रदेश सहित देश के 10 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत 2,000 रुपये की धनराशि किसानों के बैंक खाते में अन्तरित की जायेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 से अब तक 43 लाख गरीब परिवारों को एक-एक आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। 02 करोड़ 61 लाख परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराया गया है। वर्तमान सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है। डबल इंजन की सरकार गरीबों को हर महीने डबल राशन उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वृद्धों, दिव्यांगजन तथा निराश्रित महिलाओं की पेंशन राशि को 02 गुना करने का कार्य किया है। अब इन सभी को हर माह 1,000 रुपये पेंशन राशि प्राप्त हो रही है। 05 जनवरी 2022 को लगभग 01 करोड़ निराश्रित महिलाओं, वृद्धों एवं दिव्यांगजन को 1000 रुपये की पेंशन उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। श्रमिक हमारे राष्ट्र निर्माता हैं। उनके पसीने का सम्मान हमारा राष्ट्रधर्म है। 03 जनवरी, 2022 को लगभग साढ़े चार करोड़ श्रमिकों के खाते में 1000 रुपये की धनराशि प्रदेश सरकार अन्तरित करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आशा, ए0एन0एम0 एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कोरोना कालखण्ड में उत्कृष्ट कार्य किया है। आशा, ए0एन0एम0 एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री के कार्यों को सम्मान देने के लिए प्रदेश सरकार ने इनके मानदेय को बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जनता के हितैषियों के साथ सरकार हमेशा खड़ी रहेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवाओं को नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया द्वारा विगत साढ़े चार वर्षों में 4.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ा गया है। 01 करोड़ 61 लाख युवाओं को प्रदेश में निवेश के माध्यम से रोजगार प्रदान करने का कार्य हुआ है। साथ ही, 60 लाख लोगों को स्वतः रोजगार से जोड़ने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। राज्य सरकार ने प्रदेश को दंगा मुक्त, गुण्डा मुक्त, भयमुक्त प्रदेश बनाया है जिसके कारण आज प्रदेश में रोजगार का सृजन हो रहा है तथा उद्यमियों द्वारा निवेश किया जा रहा है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार एवं अवैध कमायी से सृजित रुपयों को जब्त करके रुपयों को गरीबों के कल्याण में खर्च कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत पौने पांच वर्षों में प्रदेश सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर एवं मजबूत किया है। बहन-बेटियां अपने आपको सुरक्षित महसूस कर रही हैं। वर्तमान में प्रदेश में खुशहाली का माहौल है। शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व व त्योहार मनाए जा रहे हैं। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा आस्था का सम्मान किया जा रहा है। धार्मिक स्थलों का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार कोरोना महामारी को सफलतापूर्वक नियंत्रित करने में सफल रही है। कोरोना कालखण्ड के दौरान केन्द्र व प्रदेश सरकार ने जनसामान्य को निःशुल्क टेस्ट, उपचार, दवाओं के साथ-साथ कोरोना वैक्सीन की निःशुल्क सुविधा प्रदान की है। यह वैक्सीन कोरोना से बचाव का सर्वोत्तम माध्यम है। कोरोना के प्रति सावधानी एवं सतर्कता आवश्यक है तथा हम सभी को कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करना होगा।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री स्वामी प्रसाद मौर्य, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थेे।

About the Author

Sarvoday Times

Editor

View All Posts

Post navigation

Previous: मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उ0प्र0 राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक सम्पन्न
Next: आइए पंचांग से जानें आज का शुभ और अशुभ मुहूर्त

Related Stories

14091-honey-bee
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

करघे की खनक और शहद की मिठास लेकर दुनिया के बाजार में उतरेगा बागपत

Sarvoday Times 37 minutes ago 0
e3fb39c6ae8f74a2b3b564335c59bf741748096939207487_original
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

योगी सरकार का दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने पर जोर, हर विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे कल्याण शिविर

Sarvoday Times 41 minutes ago 0
1780413707-3418
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • देश
  • मेन स्लाइड

योगी सरकार की मुफ्त कोचिंग ने गढ़ी सफलता की नई कहानी, यूपीपीएससी-2025 में 74 अभ्यर्थी सफल

Sarvoday Times 44 minutes ago 0
| ReviewNews by AF themes.