कटरा बाजार, गोण्डा।विकासखंड कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनगांव के मजरा भदैंयन पुरवा में शुक्रवार शाम एक भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को बेघर कर दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे घर के ऊपर से गुजर रही विद्युत विभाग की एलटी लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। तेज चिंगारी निकलकर सीधे मकान की छप्पर पर गिरी, जिससे आग भड़क उठी। उस समय परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर मालिक ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी भी सामान को सुरक्षित बाहर निकालने का मौका नहीं मिला। घर में रखा नगदी, जेवर, अनाज (आटा, चावल, दाल) सहित रोजमर्रा का सारा सामान और कपड़े जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। इस अग्निकांड में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी मौके पर करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। तब तक गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पा लिया था। हालांकि, तब तक पूरा घर और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने और क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनों की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।यह घटना एक बार फिर विद्युत विभाग की लापरवाही और दमकल विभाग की देरी पर सवाल खड़े करती है।
