अयोध्या। राम मंदिर दर्शन करने आई 5 साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। बालिका दर्शन के बाद अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर माता-पिता के साथ सो रही थी। सोते समय एक युवक ने बालिका को उठाकर उसके साथ की अश्लील हरकत की है। युवक ने बालिका के होंठ और नाक पर दांत से काट लिया। परिजनों ने बालिका को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजनों ने जीआरपी से शिकायत की। तहरीर के आधार पर जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना 11 मई सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बाल कल्याण समिति के समक्ष बालिका को पेश किया गया, जहां मनो सामाजिक परामर्शदाता ने पीड़िता की काउंसलिंग की है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सर्वेश अवस्थी ने बताया कि बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने मामले की पैरवी के लिए सहायक की नियुक्ति कर दी है। फूलपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने बताया कि 10 मई को वह अपने पति व पांच साल की बेटी के साथ राम मंदिर दर्शन करने आई थी। रात में वे रेलवे स्टेशन के ऊपर कॉनकोर्स पर सो रहे थे। 11 मई की भोर में करीब 3.40 बजे एक व्यक्ति उनकी बेटी को उठाकर सीढ़ी के नीचे ले आया। उनके पति आरोपी के पीछे गए तो देखा कि उसने उनकी बेटी पर गलत तरीके से हाथ फेरते हुए उसके होंठ व नाक पर दांत से काट लिया था। महिला ने बताया कि मैं भी पीछे से आई और बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। बालिका को बृहस्पतिवार को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया गया। वहां मनो सामाजिक परामर्शदाता ने पीड़िता की काउंसिलिंग की। समिति के अध्यक्ष सर्वेश अवस्थी ने बताया कि पीड़िता के परिजन चेन्नई में रहते हैं। वह मामले की पैरवी में असमर्थता जता रहे थे। इसलिए उनके सहयोग के लिए सहायक व्यक्ति की नियुक्ति की गई है।
