गोण्डा। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा द्वारा दिनाँक 08.06.2026 की प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जनपद गोण्डा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के सुव्यवस्थित प्रवेश एवं बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित एवं समयबद्ध वितरण तथा परीक्षा की प्रभावी निगरानी प्रणाली का गहनता से अवलोकन किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न होती पाई गई। पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संचालित हो। प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल, सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा जनपद के प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं रेलवे स्टेशन गोण्डा का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं यात्रियों की सघन चेकिंग तथा पूछताछ की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ एवं राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी के अधिकारियों से वार्ता कर रेलवे परिसर एवं यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
