गोण्डा जनपद के वर्ष 2025-26 में ताइक्वांडो महासंघ कोरिया द्वारा ब्लैक बेल्ट की उपाधि प्राप्त 19 बालक एवं 11 बालिका ताइक्वांडो खिलाड़ियों को मंगलवार को मंडलायुक्त देवीपाटन दुर्गा शक्ति नागपाल ने अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट प्रमाण पत्र, आईडी कार्ड, पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा आत्मरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक बनें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने सभी बच्चों की सालो की कड़ी मेहनत की सराहना की।
उन्होंने गोण्डा ताइक्वांडो एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप जनपद के खिलाड़ी ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश एवं देश स्तर पर गोंडा का नाम रोशन कर रहे हैं। मंडलायुक्त ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनकी भावी योजनाओं एवं लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव डॉ. प्रत्यूष राज ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों एवं एसोसिएशन की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित भाव से कार्य करें तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राष्ट्र और जनपद का गौरव बढ़ाएं तथा सशक्त भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
ब्लैक बेल्ट उपाधि प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में अर्णव सोनी, अथर्व राज सोनी, नैतिक तिवारी, प्रांजल पांडेय, अंकुर आर्या, मोबीन, पुष्कर शुक्ला, कुशाग्र शर्मा, निर्भय शेखर तिवारी, राम मिश्रा, अरहम मंजूर, शौर्य गुप्ता, प्रणय प्रजापति, शिवांश मिश्रा, प्रमुदित राजपाल, सौम्य सिंह राणा, अभ्युदय सिंह, संभव प्रकाश, आशीष आर्या, अनमोल शुक्ला, नवनीत सिंह तथा बालिका वर्ग में अक्षिता सिंह, ज्योति चौधरी, आराध्या गुप्ता, वैभवी सिंह, नैना उपाध्याय, अनुष्का गुप्ता, कृषा श्रीवास्तव, अनन्या सिंह, मान्या गुप्ता, स्नेह मिश्रा एवं श्रद्धा गुप्ता शामिल रहीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने वाले प्रशिक्षक देवेंद्र शर्मा एवं संदीप चौहान को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त मीनू राणा व राजेश कुमार यादव एवं संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।
