पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में महिला की हत्या और 45 हजार रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका के बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ही मां की हत्या कर वारदात को लूट का रूप देने की साजिश रची थी। आरोपी की निशानदेही पर खून लगा चाकू, कपड़े, मोबाइल और 89,650 रुपये बरामद किए गए हैं।पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में 45 हजार रुपये की लूट और महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतका के बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कलयुगी बेटे ने ही अपनी मां की हत्या कर घटना को लूट का रूप देने की साजिश रची थी। मामले में आलम हुसैन (23), पिता स्व. उसमान मियां, निवासी बनकटवा थाना क्षेत्र, पहाड़पुर, को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को दिए आवेदन में मृतका के पति जुम्मन मियां ने बताया था कि 18 अगस्त को उनकी पत्नी नजमा खातून (45) अरेराज स्थित बैंक से 45 हजार रुपये निकालकर अपने पुत्र आलम हुसैन के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सरैया गांव स्थित चिमनी के पास चार अपराधियों द्वारा बाइक रोककर महिला और उसके पुत्र के साथ मारपीट करने तथा रुपये से भरा बैग लूटकर ले जाने की बात सामने आई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
