लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने शनिवार को कहा कि पासी समाज को लंबे समय तक राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किया गया, लेकिन उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए आवाज नहीं उठाई गई। पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार में पासी समाज के लोगों को अत्याचार, जमीनों पर कब्जे, फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। समाज के लोगों को आपस में लड़ाकर उनके हक की आवाज दबाई गई। उन्होंने कहा कि समाज ने वर्षों तक इस उत्पीड़न का दंश झेला। नेताओं ने समाज को केवल वोट बैंक समझा, जबकि माफियाओं ने कमजोर लोगों का शोषण किया। बहन-बेटियों के साथ खुलेआम छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार की घटनाएं हुईं, लेकिन पीड़ितों की सुनवाई नहीं हुई।
महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और भगवान शिव मंदिर को अवैध कब्जों से मुक्त कराने तथा पासी समाज के उत्थान के लिए लाखन आर्मी के संस्थापक सूरज पासी का जनजागरण अभियान जारी है। शनिवार को बाराबंकी के सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिपहिया में संगठन की ओर से आयोजित बैठक में उन्होंने पासी समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों, सम्मान और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि पासी समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उसकी समस्याओं को उचित मंच नहीं मिलता। पासी समाज को अक्सर वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन उसके विकास, राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जाती।
इतिहास, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा
सूरज पासी ने कहा कि पासी समाज के ऐतिहासिक किले और पुरातन अवशेष उपेक्षा के कारण खंडहर हो रहे हैं और कई जगहों पर कब्जे हो चुके हैं। उन्होंने महाराजा कंसा पासी, लाखन पासी, राजा जस पासी, राजा गंगा बख्श रावत और वीरांगना ऊदा देवी के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पासी समाज के पूर्वजों ने देश और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया, लेकिन उनके इतिहास और योगदान को उचित पहचान नहीं मिली। समाज को अपने महापुरुषों के इतिहास के संरक्षण के लिए आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने तिलकपुरवा में बच्चे की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए समाज के लोगों से एकजुट होकर अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। सूरज पासी ने कहा कि समाज के लोगों को नशे से दूर रहना चाहिए और पंचायत के माध्यम से शराब के आदी लोगों के परिवारों में बेटियों की शादी करने से बचने जैसे सामाजिक निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने शिक्षा को अधिकारों की लड़ाई का मजबूत आधार बताते हुए युवाओं से पढ़ाई, अनुशासन और मेहनत अपनाने का आह्वान किया।
सामाजिक एकजुटता और जागरूकता पर जोर
सूरज पासी ने कहा कि समाज के लोगों को नियमित बैठकें कर अपनी समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर पुलिस या प्रशासन को प्रार्थना पत्र देने जैसी बुनियादी प्रक्रियाओं की जानकारी भी रखनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक अभियानों में भागीदारी बढ़ाने और युवाओं से सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीनों पर कब्जे, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और बच्चों पर अत्याचार जैसी घटनाओं के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठाने की जरूरत है।
