सीतापुर(आरएनएस )। हाईवे पर धार्मिक यात्रा पर जा रहे बाबा जयगुरुदेव के समर्थकों से भरी एक बस को यात्री कर विभाग द्वारा सीज किए जाने के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। नाराज यात्रियों ने मिश्रिख मार्ग पर फायर ब्रिगेड के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी बस को यात्री कर अधिकारी मो. आबदीन ने रोक लिया और आवश्यक कागजात व नियमों का हवाला देते हुए बस को सीज कर फायर स्टेशन परिसर में खड़ा करा दिया। बस में बड़ी संख्या में महिलाएं और छोटे बच्चे भी सवार थे। यात्रियों ने लंबी धार्मिक यात्रा का हवाला देते हुए कार्रवाई न करने की गुहार लगाई, लेकिन अधिकारी के सख्त रुख के चलते उनकी बात नहीं सुनी गई। बस सीज होने से नाराज यात्रियों का धैर्य टूट गया और वे फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने सड़क पर बैठ गए। अचानक सड़क जाम होने से मिश्रिख मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी विजयेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को समझा-बुझाकर किसी तरह सड़क से हटाया और सभी को फायर ब्रिगेड कार्यालय में बैठाकर पानी और बिस्किट की व्यवस्था कराई। पुलिस ने यात्रियों को गंतव्य तक भेजने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था भी कराई, लेकिन श्रद्धालु उसी बस से यात्रा जारी रखने की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद यात्री कर अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैकफुट पर आते हुए जुर्माना जमा कराए जाने के बाद बस को रिलीज कर दिया। इसके बाद श्रद्धालु अपनी बस से ही आगे की यात्रा के लिए रवाना हो सके। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा होती रही।
