गोण्डा। पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा द्वारा रेंज कार्यालय में जनपद गोण्डा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान भ्रष्टाचार निरोधी हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों, सड़क दुर्घटना से संबंधित विवेचनाओं में बीमा (इंश्योरेंस) मामलों में संभावित अनियमितताओं तथा शिक्षा विभाग से संबंधित दर्ज एफआईआर के प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षण करते हुए दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क दुर्घटना के मामलों में बीमा से संबंधित प्रकरणों की विवेचना पूरी सावधानी एवं तथ्यों के आधार पर की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित लाभ की संभावना समाप्त हो सके। शिक्षा विभाग से संबंधित प्रकरणों में भी विधिक प्रक्रिया के अनुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक गोण्डा, अपर पुलिस अधीक्षकगण, क्षेत्राधिकारीगण तथा संबंधित थाना प्रभारी/विवेचकगण उपस्थित रहे।
