इटियाथोक, गोण्डा। सिसई बहलोलपुर पंचायत के सिसई गांव निवासी रविंद्र कुमार तिवारी उर्फ महंत की बीती रात लखनऊ में ईलाज के दौरान मौत हो गई। दिनाँक 06 अगस्त को हुए सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।मृतक के पिता दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि 06 अगस्त की शाम करीब 08 बजे रविंद्र बहलोलपुर बाजार में सड़क किनारे पटरी पर खड़े थे। इसी दौरान इटियाथोक की ओर से आ रही तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पहले रविंद्र के पैर पर चढ़ गई। उसके बाद वह बेकाबू होकर पलट गई और सीधे रविंद्र के ऊपर गिर पड़ी जिससे उनके सिर पर गहरी चोट आ गई थी।घटना के बाद उन्हें ईलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में 04 दिन तक ईलाज चलने के बाद बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। मृतक रविंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके दूसरे नंबर के भाई का एक साल पहले ही निधन हो चुका है। रविंद्र के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा राज तिवारी स्नातक की पढ़ाई कर रहा है और छोटा बेटा अयोध्या में रहकर संस्कृत पढ़ रहा है। मां माया देवी रो-रोकर बेहाल हैं। पत्नी गीता देवी पति को याद कर बेसुध हो गईं, जिन्हें पानी के छींटे मारकर होश में लाया गया। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
