JHARKHAND: रांची में बेखौफ अपराधियों ने बुधवार रात दवा कारोबारी के घर परिवार को बंधक बनाकर डाका डाला
1 min readडकैत मनीष के घर में बालकनी के सहारे रात एक बजे घुसे। इसके बाद दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसते ही डकैतों ने घर के सभी लोगों को बंदूक की नोक पर एक कमरे में बंद कर दिया और शोर मचाने पर बम से उड़ाने की धमकी दी।
डरा-सहमा परिवार काफी देर बाद बाहर निकला। जब उन्हें लगा कि डकैत चले गए, तब रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी एसपी हरिलाल चौहान दल बल समेत पहुंचे। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड भी बुलाई गई।
अपराधी यहां तीन घंटे तक उत्पात मचाते रहे। लूटपाट के बाद सभी को कमरे में ही छोड़ भाग निकले। घटना को पांच हथियारबंद डकैतों ने अंजाम दिया। डकैत तीन घंटे उत्पात मचाने के बाद चार लाख नकद और चार लाख के गहने ले गए।
एफएसएल टीम ने मौके से कई नमूने लिए। इसके बाद पुलिस की टीम ने आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश की। पुलिस मनीष की दुकान में काम करने वाले लोगों का भी ब्योरा खंगाल रही है।
बताया जाता है कि डकैत चार पहिया वाहन से आए थे। एक महिला ने बताया कि वह मॉर्निंग वॉक पर थी, इसी दौरान पांच लोग बैग में सामान लेकर जा रहे थे। जतरा टांड़ के पास सभी एक गाड़ी में बैठकर चले गए।
पुलिस का कहना है कि इस घटना के पीछे किसी परिचित का हाथ हो सकता है, क्योंकि मनीष के बारे में डकैतों को पुख्ता जानकारी थी। पुलिस को चड्डी-बनियान और लोकल गिरोह पर भी शक है।