April 28, 2024

Sarvoday Times

Sarvoday Times News

यूपी में गायों की मौत पर प्रियंका गांधी ने सीएम योगी पर बोला हमला, पत्र लिखकर कहीं यह बात

1 min read

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की गौशाला में गायों की मौत के प्रकरण पर सीएम योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में गायों की मौत की फोटो वायरल होने के बाद प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  को एक पत्र भी लिखा है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश से आई मृत गायों की तस्वीरों को देखकर विचलित होकर मैं यह पत्र माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को लिख रही हूं। यह तो सिर्फ एक तस्वीर है, प्रदेश की कई गौशालाओं में यही स्थिति है। समस्या को सुलझाने के मॉडल मौजूद हैं। गौमाता की देखभाल के घोषणाओं के साथ-साथ योजनाओं को अमलीजामा पहनाना जरूरी है।

प्रियंका गांधी ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया है। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा कि ललितपुर के सौजना से आई गौमाता के शवों की तस्वीरों को देखकर मन विचलित हो गया है। अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है कि इन गायों की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, लेकिन इन तस्वीरों से लग रहा है कि चारा-पानी नहीं मिलने की वजह से ही यह मौतें हुई हैं। इनको देखकर लगता है कि इन सभी की कई दिनों की भूख और प्यास से धीरे-धीरे काफी पीड़ादायक मौतें हुई हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा है कि दुखद ये भी है कि यह इस तरह की पहली तस्वीर नहीं है। इससे पहले भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से ऐसी तस्वीरें मिलती रही हैं। हर बार इन पर कुछ देर के लिए चर्चा होती है, लेकिन इन मासूम जानवरों की देखभाल के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते। सवाल उठता है कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि सत्ता में आने के समय आपने गौ-वंश की रक्षा और गौशालाएं बनवाने की बात की थी, लेकिन वास्तविकता यही है कि इस संदर्भ में आपकी घोषणाओं के बावजूद सरकार के प्रयास पूरी तरह से विफल रहे हैं। प्रदेश में गायों की भलाई के नाम पर गौवंश की दुर्दशा की जा रही है। यहां गौशालाएं खोली गईं, मगर सच यह है कि वहां गौ-वंश को चारा और पानी नहीं सिर्फ असंवेदनशीलता मिलती है। भ्रष्ट अफसर और गौशाला संचालक पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। पूरे प्रदेश में हर दिन न जाने कितनी गाएं भूखी प्यासी मर रही हैं।

प्रियंका गांधी ने पत्र में कहा है कि जहां गौशालाएं इस परिस्थिति में हैं, वहां आवारा पशुओं की भी भयंकर समस्या बनी पड़ी है। किसान पूरी तरह से हलकान हैं। रात-रात भर जागकर अपनी फसलों की रक्षा कर रहे हैं। इन फसलों की रक्षा के लिए हजारों-लाखों खर्च कर खेतों की तारबंदी करवानी पड़ रही है।

प्रियंका ने इसके साथ ही कहा कि गांधीजी गाय को करुणा का काव्य मानते थे। यह करोड़ों भारतीयों की मां है, वो मानते थे कि गौरक्षा का अर्थ केवल गाय की रक्षा नहीं है बल्कि उन सभी जीवों की रक्षा है जो असहाय और दुर्बल हैं। कांग्रेस महासचिव ने पत्र में लिखा है कि कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले को ‘गोधन न्याय योजनाÓ लागूकर बहुत अच्छी तरह से सुलझाया है। शायद उनसे उत्तर प्रदेश सरकार प्रेरणा ले सकती है और गाय के प्रति हम सब अपनी सेवा भावना को क़ायम रख सकते हैं। हम ऐसी भीषण परिस्थितियों में गायों को जीने और मरने को मजबूर होने से बचा सकते हैं और अपने किसानों की वास्तविक मदद भी कर सकते हैं।

 

loading...

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.